नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में लागू होगी व्यवस्था संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में नए शैक्षणिक सत्र से छात्र पहचान पत्र जारी करने की व्यवस्था बदल दी है। अब विद्यार्थियों को पहचान पत्र का प्रिंट जारी नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय छात्रों को डिजिटल पहचान पत्र उपलब्ध कराएगा। विद्यार्थी विश्वविद्यालय के छात्र पोर्टल से अपना पहचान पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इस संबंध में अधिष्ठाता छात्र कल्याण आरएल जिंटा ने बुधवार को सभी शिक्षण विभागों और संस्थानों के अध्यक्षों तथा निदेशकों को आदेश जारी किए हैं। इसमें संबंधित विभागों को छात्रों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभागों के सूचना पट्टों पर भी परिपत्र प्रदर्शित करने को कहा है। डिजिटल पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले विश्वविद्यालय के छात्र पोर्टल पर जाना होगा। यहां पंजीकरण संख्या और पासवर्ड के माध्यम से प्रवेश करना होगा। इसके बाद विद्यार्थी को पहचान पत्र विकल्प पर जाना होगा।
विज्ञापन
पहचान पत्र डाउनलोड करने से पहले विद्यार्थियों को अपनी कक्षा क्रमांक अपडेट करनी होगी। इसके लिए पहचान पत्र विकल्प में दिए गए कक्षा क्रमांक अपडेट करें विकल्प का चयन करना होगा। इसमें विद्यार्थी को अपना कक्षा क्रमांक दर्ज कर सुरक्षित करना होगा। शोधार्थियों को यहां अपना नामांकन क्रमांक दर्ज करना होगा। जानकारी सुरक्षित करने के बाद विद्यार्थी फिर से पहचान पत्र विकल्प पर जाकर डाउनलोड विकल्प का चयन कर सकेंगे। इसके बाद डिजिटल पहचान पत्र सुरक्षित किया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय ने विभागों से छात्रों को समय पर यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए सूचित करने को कहा है। इसके अलावा सभी विद्यार्थियों की पहचान पत्र संख्या की समेकित सूची भी अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। नई व्यवस्था से पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को पहचान पत्र के लिए अलग से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पोर्टल के माध्यम से पहचान पत्र उपलब्ध होने से इसे सुरक्षित रखना और जरूरत पड़ने पर प्रस्तुत करना भी आसान होगा।