नेशनल बुक ट्रस्ट की तरफ से वीरवार को शिमला के गेयटी थियेटर में बच्चों के लिए अपनी साहित्यिक प्रतिभा के प्रदर्शन को मंच प्रदान किया गया। उन्हें कविता और कहानी लिखने के साथ-साथ पेंटिंग बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
एनबीटी की तरफ से आयोजनकर्ताओं में डिप्टी डॉयरेक्टर राजीव चौधरी और सुनीता नरोत्रा मुख्य रूप से शामिल हुए। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में डिप्टी डॉयरेक्टर डॉ. अजय शर्मा भी मौजूद थे।
कार्यक्रम की पहली कड़ी में सेंट थॉमस स्कूल और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल लालपानी के बच्चों ने कविता और कहानी लेखन में भाग लिया। बच्चों का हौसला बढ़ाने में सेंट थॉमस स्कूल की प्राचार्य विधुप्रिया ने खास योगदान दिया।
उनकी प्रेरणा पाकर उत्साहित हुए बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को कविता और कहानी के माध्यम से कागजों पर उतारा। अरिहंत, अवंतिका, सुकृति, सिद्धार्थ, निखिल, अंशुल, पवन, संजीव, पीयूष, प्रमोद वर्मा, सुरेंद्र, प्रवीण, पीतांबर, आहना, उर्वि, स्नेहा और विशाखा ने कविता-कहानियों के माध्यम से अपनी बात कही।
अगले सत्र में मशहूर कथाकार एसआर हरनोट ने स्कूली बच्चों के समक्ष अपनी कहानी ‘आभी’ का पाठ किया। इसके बाद पोर्टमोर स्कूल की छात्राओं ने सफेद कागज पर अपनी कल्पना के सुंदर रंग बिखेरे। एनबीटी की तरफ से सभी स्कूलों के बच्चों में अध्ययन के संस्कार पैदा करने के लिए एक हजार की किताबें भेंट की गईं।