ऊर्जा भंडारण के नए विकल्प तलाशने और भविष्य की बैटरी तकनीक पर शोध की मिलेगी सुविधा
विज्ञापन
चुनिंदा विश्वविद्यालयों में शामिल हुआ एचपीयू
कुछ संस्थानों में है एलसी-2 फेरोइलेक्ट्रिक तकनीक संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के भौतिकी विभाग की प्रयोगशाला में एक करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्रिसिजन एलसी-2 फेरोइलेक्ट्रिक/मल्टीफेरोइलेक्ट्रिक लूप टेस्टर स्थापित किया है। इस सुविधा के साथ एचपीयू देश के उन चुनिंदा विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में शामिल हो गया है, जहां इस स्तर की तकनीक से विद्युत गुणों का अध्ययन किया जा सकेगा। इस उपकरण की खासियत यह है कि इसकी मदद से वैज्ञानिक विभिन्न पदार्थों के विद्युत गुणों और ऊर्जा संचित करने की क्षमता का परीक्षण कर सकेंगे।
सामान्य भाषा में समझें तो शोधार्थी यह पता लगा सकेंगे कि कोई पदार्थ कितनी ऊर्जा अपने भीतर संचित कर सकता है, विद्युत क्षेत्र का प्रभाव हटने के बाद उसका व्यवहार कैसा रहता है और लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर उसकी क्षमता में कितना बदलाव आता है। इस शोध का सीधा संबंध भविष्य की ऊर्जा भंडारण तकनीक से है। वैज्ञानिक ऐसे नए पदार्थ विकसित करने की दिशा में काम कर सकेंगे, जिनकी मदद से कम जगह में अधिक ऊर्जा संचित की जा सके। भविष्य में इस शोध के परिणाम इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन, आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बिजली आपूर्ति प्रणालियों के लिए उपयोगी तकनीक विकसित करने में मददगार हो सकते हैं। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने बताया कि इस तकनीक के बाद शोध के कार्यों में और तेजी आएगी।
बैटरी के विकल्प तलाशने में मिलेगी मदद इस उपकरण के माध्यम से फेरोइलेक्ट्रिक और मल्टीफेरोइलेक्ट्रिक पदार्थों का अध्ययन किया जाएगा। इन पदार्थों में बाहरी विद्युत क्षेत्र के प्रभाव से आंतरिक विद्युत ध्रुवीकरण में बदलाव आता है। यह उपकरण इस बदलाव को मापने के साथ ही यह समझने में मदद करेगा कि कौन से पदार्थ ऊर्जा भंडारण के लिए अधिक उपयोगी हो सकते हैं। वर्तमान में ऊर्जा भंडारण के लिए रासायनिक बैटरियों का व्यापक इस्तेमाल होता है। ऐसे में वैज्ञानिक उन नई सामग्रियों पर शोध कर रहे हैं, जो तेजी से ऊर्जा संचित करने और जरूरत के समय उसे उपलब्ध कराने में सक्षम हों। इस दिशा में फेरोइलेक्ट्रिक पदार्थ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।