शिमला में प्रो हिमाचल प्रीमियर क्रिकेट लीग
वहीं प्रो हिमाचल प्रीमियर क्रिकेट लीग (प्रो एचपीसीएल) के चौथे सीजन का शिमला में सोमवार को आगाज हुआ। शिमला क्रिकेट ग्राउंड में प्रतियोगिता के शुभारंभ पर टीमों के बीच प्रदर्शनी मुकाबला खेला गया। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक बाबा हंसराज रघुवंशी की टीम ने नाटी किंग कुलदीप शर्मा की टीम को मात दी। मंगलवार से लीग के आधिकारिक मुकाबलों का रोमांच शुरू होगा। इस सीजन में 12 फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। प्रदर्शनी मुकाबले में हिमाचल के लोकप्रिय कलाकारों ने क्रिकेट के मैदान पर दमखम दिखाया। नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने सेलिब्रिटी-11 की कप्तानी की, जबकि भजन गायक बाबा हंसराज रघुवंशी फीट ऑफ फायर टीम की अगुवाई करते नजर आए। बाबा हंसराज की टीम ने 123 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट शेष रहते जीत दर्ज की। इस दौरान दर्शकों को मनोरंजन के साथ क्रिकेट का रोमांच भी देखने को मिला। इससे पहले रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में कुलदीप शर्मा और हनी नेगी ने प्रस्तुतियों से समां बांधा। समारोह का मुख्य आकर्षण लीग की सभी 12 फ्रेंचाइजी टीमों की आधिकारिक जर्सियों का अनावरण रहा। चौथे सीजन को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लीग के आधिकारिक मुकाबले मंगलवार से शिमला क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होंगे। पहले दिन तीन मैच खेले जाएंगे। सुबह नौ बजे साइबरबेल्स टेक टाइटन्स और नाइट हॉक्स के बीच मुकाबला होगा। सुबह 11:30 बजे मंडी मार्वल्स और शिमला रॉयल्स आमने-सामने होंगे। वहीं, दोपहर दो बजे साइबरबेल्स टेक टाइटन्स का मुकाबला कैनविल्स टाइटन्स से होगा।
सिरमौर को टाईब्रेकर में 9-8 से हराकर ऊना फाइनल में
सीनियर फुटबॉल चैंपियनशिप में ऊना ने फाइनल में जगह बना ली है। सोमवार को खेले रोमांचक सेमीफाइनल में ऊना ने सिरमौर को टाईब्रेकर में 9-8 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद टाईब्रेकर में ऊना ने बाजी मार ली। दूसरे सेमीफाइनल में साई कांगड़ा और जिला फुटबॉल एसोसिएशन कांगड़ा की टीमें आमने-सामने हैं। सोमवार को अंधेरा होने के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका। अब मंगलवार सुबह शेष करीब सात मिनट का खेल होगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में ऊना से भिड़ेगी। इससे पहले कुल्लू और शिमला के बीच खेले मुकाबले में दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया। कुल्लू के सन्नी ने छठे मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक कुल्लू की टीम आगे रही, लेकिन दूसरे हाफ में 50वें मिनट में शिमला के अभिनव ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 रहने से मुकाबला ड्रॉ रहा। एक अन्य मुकाबले में सिरमौर ने मंडी को 2-0 से पराजित किया। सिरमौर ने शुरुआत से ही बेहतर खेल दिखाते हुए दो गोल दागे। वहीं, मंडी की टीम पूरे मैच में गोल करने के लिए संघर्ष करती रही, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। तीसरे मुकाबले में साई कांगड़ा ने हमीरपुर को 1-0 से हराया। साई कांगड़ा की टीम ने एक गोल की बढ़त बनाई, जिसे हमीरपुर की टीम बराबर नहीं कर सकी। मंडी बी टीम की ओर से उपायुक्त अपूर्व देवगन ने भी मैदान पर उतरकर खेला, हालांकि उनकी टीम को जीत नहीं मिली। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष लीला विलास ने बताया कि प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।