कोच मिले तो हिमाचल में तैयार होंगे राष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी
धर्मशाला। हिमाचल में खेल विभाग में खिलाड़ियों को द्रोणाचार्य जैसा मार्ग दर्शन प्रदान करने और प्रशिक्षण देने वाले कोच उपलब्ध नहीं हैं। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के पास 100 जूनियर कोच और 13 सीनियर कोच के पद हैं। वर्तमान में 31 जूनियर और 11 सीनियर कोच ही हैं। ऐसे स्थिति में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर लाने के लिए सोचा भी नहीं जा सकता है। सरकार की ओर से करीब एक साल से जूनियर कोच के 25 पद भरने के लिए कवायद शुरू की गई थी, लेकिन वह भी अभी ठंडे बस्ते में पड़ी है।
कोच की कमी से खिलाड़ियों को प्रदेश से दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ रहा है। प्रदेश में करीब 83 खेल ब्लॉक हैं, ऐसे में एक-एक कोच भी हो तो 83 कोच की जरूरत है। विभाग के पास केवल 31 जूनियर कोच ही हैं। शिमला जिले में 13 के करीब कोच हैं। ऊना में पांच कोच सेवाएं दे रहे हैं। कांगड़ा जिले में एक सीनियर कोच सहित केवल चार कोच ही सेवाएं दे रहे हैं। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा ने बताया कि प्रदेश में खाली चल रहे जूनियर कोच के पदों का मामला उनके ध्यान में है। पद भरने के लिए कवायद जल्द शुरू होगी।
प्रदेश में कोच के 100 में से 69 पद लंबे समय से खाली
जिला कोच
शिमला 13
कांगड़ा 4
ऊना 5
कुल्लू 1
चंबा 1
मंडी 2
बिलासपुर 5
सिरमौर 3
किन्नोर 2
सोलन 3
हमीरपुर 3
लाहौल स्पिति 0