साल 2012 में हुए लंदन ओलंपिक में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता रहे शूटर पद्मश्री विजय कुमार को हिमाचल सरकार ने डीएसपी का पद देने का फैसला लिया है। जयराम मंत्रिमंडल की बैठक में विश्व में हिमाचल का नाम रौशन करने वाले हमीरपुर निवासी विजय कुमार को नौकरी देने को सरकार ने हरी झंडी दी।
बीते एक साल विजय कुमार को नौकरी देने की फाइल को अफसरशाही ने खूब घुमाया। यह सिलसिला पिछली सरकार के कार्यकाल से अब तक चलता रहा। हाल ही में शूटर विजय कुमार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से हिमाचल में नौकरी देने के लिए मुलाकात की थी। उस समय विजय कुमार की ओर से अब तक उपेक्षा किए जाने की बात भी की थी।
हमीरपुर की बड़सर तहसील के हरसौर गांव के कैप्टन (सेवानिवृत्त) विजय कुमार ने लंदन ओलंपिक में निशानबाजी में रजत पदक हासिल किया था। उन्होंने पदमश्री, अति विशिष्ट सेवा मेडल तथा खेल श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार अर्जुन पुरस्कार के अतिरिक्त अन्य कई सम्मान भी प्राप्त किए हैं।