तकनीकी विवि हमीरपुर में एमसीए, एमटेक और एम-फार्मेसी की काउंसलिंग में भाग लेते विद्यार्थी।
- फोटो : संस्थान
तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से बहुतकनीकी संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संस्थान स्तर पर करवाई जाने वाली विशेष स्पॉट काउंसलिंग में किसी प्रकार का आरक्षण रोस्टर नहीं चलेगा। खाली सीटों के लिए अब किसी भी वर्ग से कोई भी अभ्यर्थी अपनी दावेदारी कर सकेगा। तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से बहुतकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष और डी-फार्मेसी के लिए दो चरणों की काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद दो चरणों में सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग आयोजित की गई।
इसके बावजूद अभी भी कई बहुतकनीकी संस्थानों में सीटें खाली पड़ी हैं। खाली सीटों को भरने के लिए अब संस्थान स्तर पर विशेष स्पॉट काउंसलिंग होगी। खास बात यह है कि संस्थान स्तर पर होने वाली कांउसलिंग में किसी प्रकार का आरक्षण रोस्टर लागू नहीं रहेगा। किसी भी वर्ग की खाली सीट के लिए कोई भी पात्र अभ्यर्थी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए प्रवेश ले सकेगा। यही व्यवस्था औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में रहेगी।
डी-फार्मेसी की संस्थान स्तर पर कांउसलिंग 11 को
तकनीकी शिक्षा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण हिमाचल के निदेशक विवेक चंदेल ने बताया कि विभाग के तहत चल रहे डिप्लोमा फार्मेसी कोर्स में खाली बची सीटों में प्रवेश के लिए संस्थान स्तर पर स्पेशल राउंड स्पॉट काउंसलिंग 11 अगस्त को होगी। सभी पात्र उम्मीदवार जिस भी संस्थान में सीट खाली हो, वहां प्रवेश ले सकते हैं। सीट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को उसी समय सभी प्रकार की फीस और फंड्स जमा करवाने होंगे।
संस्थान स्तर पर होने वाली विशेष राउंड स्पॉट काउंसलिंग में किसी भी प्रकार का आरक्षण रोस्टर लागू नहीं होगा। इस दौरान किसी भी वर्ग के लिए आरक्षित खाली पड़ी सीट पर कोई भी पात्र अभ्यर्थी तमाम औपचारिकताओं को पूरी करके प्रवेश पा सकेगा।
- आरके शर्मा, सचिव, तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला।
एमसीए, एमटेक और एम-फार्मेसी की 133 सीटें आवंटित
तकनीकी विवि हमीरपुर में मंगलवार को एमसीए, एमटेक और एम-फार्मेसी की काउंसलिंग हुई। काउंसलिंग में 133 सीटें आवंटित की गईं। इनमें एमसीए की 68, एमटेक की 27 और एम-फार्मेसी की 38 सीटें हैं। अधिष्ठाता प्रो. जयदेव ने बताया कि बी-आर्क की काउंसलिंग 10 अगस्त को राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां में होगी। बी-फार्मेसी और बीटेक (लेटरल एंट्री) की काउंसलिंग तकनीकी विवि परिसर में होगी। बी-फार्मेसी (लेटरल एंट्री) की काउंसलिंग 10 अगस्त और बीटेक (लेटरल एंट्री) की काउंसलिंग 11 अगस्त को होगी।