दिसंबर में धर्मशाला में होगा तिब्बती संगठनों का प्रशिक्षण
दक्षिण भारत के बाद अब उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के पंजीकृत तिब्बती संगठनों के लिए दिसंबर 2026 में धर्मशाला में कानूनी अनुपालन प्रशिक्षण आयोजित होगा। इससे पहले केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के वित्त विभाग के अनुपालन प्रकोष्ठ ने कर्नाटक के मुंडगोड स्थित ड्रेपुंग गोमांग मठ में तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न किया। विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए), 2010 के तहत पंजीकृत तिब्बती संगठनों के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण में 26 संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला में एफसीआरए में हालिया संशोधनों, आयकर अधिनियम-2025 के प्रमुख बदलावों और श्रम कानूनों में हो रहे परिवर्तनों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसका मुख्य उद्देश्य प्रतिनिधियों को कानूनी और नियामक प्रावधानों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नए नियमों के अनुरूप कार्य करने के लिए तैयार करना रहा। प्रशिक्षण विशेषज्ञ सुजाता सामल ने प्रतिभागियों को एफसीआरए, आयकर अधिनियम-2025, गैर-लाभकारी संगठनों (एनपीओ) के संचालन और नए श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। वित्त विभाग के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से तिब्बती संगठनों की कानूनी अनुपालन क्षमता और अधिक मजबूत होगी।