कमेटी में ये नेता शामिल
नई सूची में केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े नेताओं के साथ प्रदेश संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों को शामिल किया गया है। नई कोर कमेटी में केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन को जगह मिली है। इनके अलावा सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप और डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और संजीव कटवाल को सदस्य बनाया गया है। प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इस तरह कमेटी में 12 नियमित सदस्यों के अलावा दो विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। कंगना रणाैत को छोड़कर तीनों लोकसभा सांसद भी कोर कमेटी में शामिल किए गए हैं।
पुरानी कमेटी के कई प्रभावशाली चेहरे बाहर
नई कोर कमेटी में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार को जगह नहीं मिलने की है। इनके अलावा राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक रणधीर शर्मा, पूर्व मंत्री राजीव सहजल और विधायक राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल भी नई कमेटी का हिस्सा नहीं होंगे। पुरानी कमेटी में शामिल त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा और पूर्व सांसद सुरेश चंदेल के नाम भी नई सूची से बाहर हैं।
संगठनात्मक समीकरणों में बदलाव के संकेत
कोर कमेटी भाजपा की प्रदेश इकाई में महत्वपूर्ण नीतिगत और संगठनात्मक फैसलों के लिए अहम मंच मानी जाती है। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं को बाहर रखने और कमेटी का आकार छोटा करने को पार्टी के संगठनात्मक समीकरणों में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।