बेकरी के क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए प्रदेश के युवकों के पास बेहतर मौका है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास संस्थान चंबाघाट केक, पिज्जा, ब्रेड बिस्कुट, क्रीमरोल, पैटिज आदि सभी मॉडर्न बेकरी उत्पादों की सर्टिफाइड ट्रेनिंग सामान्य वर्ग को महज 1500 रुपये में देगा। विशेष जरूरत वालों और एससी/एसटी वर्ग के युवकों के लिए कोर्स की फीस 750 रुपये होगी।
प्रशिक्षण के दौरान एमएसएमई मंत्रालय की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र निजी और सरकारी क्षेत्र में नौकरी के लिए मान्य होगा। पहली बार ट्रायल के रूप में प्रशिक्षण 14 से 27 सितंबर तक चलेगा। अधिकारियों का दावा है कि बेकिंग कोर्सों की होटल और फूड इंडस्ट्रीज में काफी मांग है। इस प्रशिक्षण का डिजाइन युवाओं के कौशल विकास के लिए किया गया है।