नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री
- फोटो : अमर उजाला
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र में सोनिया और राहुल गांधी और हिमाचल में हमारे नेता वीरभद्र सिंह हैं। वीरभद्र सिंह का छह दशक का राजनीतिक अनुभव है। वे छह बार मुख्यमंत्री रहे हैं। प्रदेश में वीरभद्र के जन्म दिवस को 23 जून को स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाएंगे। कोविड प्रभावित लोगों की मदद भी की जाएगी। मुकेश शनिवार को विधानसभा में विपक्ष के लांज में प्रेस सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उनके साथ पूर्व मंत्री कौल सिंह, सुधीर शर्मा, विधायक आशा कुमारी, विक्रमादित्य सिंह, पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट भी मौजूद रहे। मुकेश ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस एकजुट है। भाजपा में गुटबाजी हावी है और इसका सत्ता से बाहर जाना तय है। सरकार के संरक्षण में कोविड काल में स्वास्थ्य क्षेत्र में भ्रष्टाचार हुआ है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। भाजपा के चहेतों को पिछले दरवाजे से नौकरियां दी गई हैं।
कहा कि मुख्यमंत्री जयराम कोविड से मरने वाले लोगों का सही आंकड़ा सामने रखें। कोविड काल में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई रहीं। कोविड केयर सेंटर बनाने की आड़ में करोड़ की गड़बड़ी हुई है। सरकार के संरक्षण में ड्रग माफिया सक्रिय है। बाहरी राज्यों की पुलिस मामले पकड़ रही है। करोड़ों की नशीली दवाएं पकड़ी जा रही हैं। कोरोना किट बांटने के लिए कांग्रेस के विधायकों को भी बुलाया जाए। सभी लोगों को मुफ्त वैक्सीन लगाई जाए। कोरोना मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और मृत कोरोना योद्धाओं के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा दें।
70 साल बाद मंडी से सीएम, सिराज और धर्मपुर का विकास : कौल
पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि 70 साल बाद मंडी से मुख्यमंत्री बना है। जिले में सिर्फ सिराज और धर्मपुर में विकास का 60 फीसदी बजट खर्च हो रहा है। मंत्री महेंद्र सिंह सीएम की परछाई बनकर साथ रहते हैं। महेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को झूठ बोलना सिखा दिया है। भाजपा अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री को क्यों हटाना पड़ा। 8 हजार आशा वर्करों की भर्ती को लेकर सवाल उठाए गए थे और आज यही बेहतर सेवाएं दे रही हैं।