हिमाचल विधानसभा चुनाव में मोदी-शाह की हवा से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस पार्टी एकाएक चुस्त हो गई है। प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने निष्कासित और निलंबित चल रहे तीन पूर्व विधायकों कश्मीर सिंह, मस्तराम और योगराज समेत करीब डेढ़ दर्जन नेताओं को वापस कांग्रेस में लेने को हरी झंडी दी है।
अब अनुशासन समिति की इस सिफारिश पर अंतिम फैसला प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को लेना है। सीएम वीरभद्र सिंह भी कई बार प्रदेश कांग्रेस कमेटी को निष्कासित नेताओं को वापस लेने की बात कर चुके हैं।
पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने या विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर इन नेताओं को कांग्रेस से निष्कासित या निलंबित किया गया था। आने वाले दिनों में घुमारवीं के पूर्व विधायक कश्मीर सिंह, देहरा के पूर्व विधायक योगराज और करसोग के पूर्व विधायक मस्तराम की कांग्रेस में वापसी तय मानी जा रही है।