कुफरी और शिमला में सोमवार शाम करीब छह बजे से हल्की बर्फबारी शुरू हुई। रात 10 बते तक कुफरी-फागू मार्ग पर बर्फबारी से फिसलन की वजह से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। शिमला पुलिस ने लोगों से मार्ग खुलने तक इंतजार करने या फिर किसी अन्य वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा है। शिमला में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।
कुफरी में बर्फबारी शुरू होने के बाद पुलिस ने सैलानियों को शिमला लौटने के लिए अनाउंसमेंट शुरू कर दी। शिमला की जाखू चोटी में भी फाहे गिरे। शहर में साढ़े छह बजे के बाद हल्की बारिश हुई। मौसम के रुख में आए बदलाव के बाद शहर में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमपात का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, मंगलवार को सूबे के छह जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इनमें शिमला, किन्नौर, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और चंबा शामिल हैं। 29 जनवरी को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा जबकि 30 को धूप खिलने के आसार हैं। 31 और एक फरवरी को पहाड़ी इलाकों में फिर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।