दोपहर डेढ़ बजे फागू के पास शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे बंद होने से लोग परेशान
क्रॉसर
फागू से कुफरी तक ट्रैफिक जाम, घंटों फंसे रहे वाहन
टुटू-चक्कर के पास 3 घंटे जाम रहा शिमला-मंडी हाईवे
एचआरटीसी के 114 रूट प्रभावित, 24 बसें फंसी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के साथ लगते फागू-कुफरी के अलावा नारकंडा, खड़ापत्थर और खिड़की सहित ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में सोमवार को बर्फबारी हुई। शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे-05 दोपहर डेढ़ बजे फागू और कुफरी के बीच बंद हो गया। सड़क पर बर्फ जमने के बाद फिसलन बढ़ने से गाड़ियां स्किड होने से फागू से कुफरी तक लंबा जाम लग गया।
देर शाम तक सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। सोमवार को एचआरटीसी शिमला डिवीजन के करीब 114 रूट प्रभावित हुए और 24 बसें विभिन्न स्थानों में फंस र्गइं।
टुटू चक्कर के पास ओलावृष्टि और बर्फबारी के कारण शिमला-मंडी हाईवे पर करीब तीन घंटे ट्रैफिक जाम रहा।
नारकंडा में सोमवार सुबह से बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। कुफरी में दोपहर के समय ओलावृष्टि के बाद हल्की बर्फबारी हुई। शिमला रोहड़ू सड़क पर खड़ापत्थर और चौपाल सड़क पर खिड़की के पास हल्की बर्फबारी हुई। फागू और कुफरी के बीच दोपहर डेढ़ बजे एचआरटीसी की पांच बसें फंसने के बाद शिमला से ऊपरी क्षेत्रों के लिए बसों को वैकल्पिक मार्गों से रवाना किया गया।
नारकंडा में बर्फबारी के कारण शिमला से बहाली, खमाड़ी, पुजारली, चेवड़ी, ननखड़ी रूटों पर बसें रवाना नहीं हो सकी। डेढ़ बजे शिमला से खड़ेला रूट पर रवाना की लंबीधार बस जाम लगने के बाद वापस शिमला लौट आई। इसके बाद शिमला चौपाल नेरवा रूट की दो बसें, मुंडू, माईपुल, धमांदरी और कोटखाई रूट पर बसें रवाना नहीं हो पाई।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक तारादेवी विनोद शर्मा ने बताया कि सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे के बाद बर्फबारी के कारण राजधानी से ऊपरी शिमला की ओर बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। सड़कें बंद होने के कारण कई बसें रूटों पर फंस गई है जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर पुलिस करती रही आगाह
बर्फबारी के बाद सड़क पर फिसलन के चलते वाहन चलाने वालों को शिमला पुलिस लगातार सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से आगाह करती रही। कुफरी और छराबड़ा के बीच गाड़ी चलाते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई। सहायता के लिए 112 और थाना प्रभारी ढली से 8894728016 संपर्क करने का भी सुझाव दिया।
तीन घंटे बंद रही टुटू, चक्कर बालूगंज सड़क
ओलावृष्टि और हल्की बर्फबारी के बाद सोमवार दोपहर बाद तीन बजे से करीब छह बजे तक टुटू, चक्कर बालूगंज सड़क पर ट्रैफिक जाम रहा। इस दौरान घणाहट्टी की ओर जा रही बसें जाम में फंसी रही। शिमला-मंडी हाईवे पर जाम के कारण आवाजाही कर रहे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
शिमला में ओलावृष्टि और जाखू में बर्फबारी
राजधानी में भी सोमवार को दोपहर बाद ओलावृष्टि हुई। सुबह के समय रुक-रुक कर बारिश होती रही। दोपहर बाद कई इलाकों में घरों की छतों और सड़कों पर ओलों की सफेद परत जम गई। ढली, संजौली, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देर शाम करीब पांच बजे जाखू में हिमपात हुआ।
शिमला में सोमवार को रिज मैदान पर कुछ देर के लिए बर्फ के फाहे गिरे। यहां सैलानियों ने खूब मस्ती की?- फोटो : SHIMLA CITY