प्रदेश की छह बेटियां नॉर्थ जोन अंडर-19 क्रिकेट टीम में खेलेंगी। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की छह खिलाड़ियों ने यह सफलता पाई है। प्रदेश की क्रिकेट खिलाड़ी सुष्मिता नेगी नॉर्थ जोन टीम को लीड करेंगी।
कशिश वर्मा, तनुजा कंवर, हरलीन कौर, वंदना राणा और रेणुका सिंह भी टीम में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। सभी खिलाड़ी 20 से 28 अगस्त को बेंगलुरु में एक दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खेलते हुए नजर आएंगी।
प्रतियोगिता में पहला मैच साउथ जोन टीम के साथ सुष्मिता नेगी के अगुवाई में खेला जाएगा। नॉर्थ जोन टीम में प्रदेश के छह खिलाड़ियों का एक साथ चयन होगा सूबे के लिए गौरव की बात है।
इससे प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में भी खुशी की लहर है। एचपीसीए के प्रेस सचिव मोहित सूद ने बताया कि नॉर्थ जोन टीम में प्रदेश की छह खिलाड़ियों चयन होगा प्रदेश के लिए बड़ी बात है।
वहीं, एचपीसीए के अध्यक्ष एवं बीसीसीआई के संयुक्त सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में गर्ल्स और ब्वॉयज क्रिकेट खिलाड़ियों को एक समान सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
प्रदेश की गर्ल्स क्रिकेट खिलाड़ियों ने सुविधाओं का फायदा उठाने में हुए बेहतर कर नॉर्थ जोन टीम में जगह बनाई है। इनके अलावा प्रदेश की खिलाड़ी सुषमा वर्मा का राष्ट्रीय टीम में चयन हुआ है। वह अब इंग्लैंड दौरे पर इंडिया की नीली जर्सी पहनेंगी।