फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: बिना मंजूरी सजा दीं दुकानें, सामान जब्त किया तो तहबाजारियों ने कर दिया घेराव

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला लाइव...
विज्ञापन

दोपहर 3:00 बजे लक्कड़ बाजार में अवैध तहबाजारियों पर कार्रवाई करने आई नगर निगम के साथ बहसबाजी
तहबाजारियों ने करीब डेढ़ घंटे तक रोके रखी गाड़ी
बहसबाजी के बाद दफ्तर लौटे कर्मचारी, दर्ज होगा केस

अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की रिज-लक्कड़ सड़क पर बुधवार को अवैध रूप से सजी दुकानें हटाने पहुंची नगर निगम टीम का तहबाजारियों ने घेराव कर दिया। डेढ़ घंटे तक नगर निगम की गाड़ी रोके रखी। तहबाजारी नहीं माने तो निगम की टीम ने गाड़ी लॉक कर दी और इसे मौके पर छोड़कर दफ्तर लौट गए।

उधर तहबाजारी भी नरम पड़ गए और यहां से चले गए। लक्कड़ बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए नगर निगम की टीम दोपहर 3:00 बजे अधीक्षक रीता टंडन और निरीक्षक रमेश ठाकुर की अगुवाई में लक्कड़ बाजार पहुंची थी। निगम टीम ने एक एक कर तहबाजारियों के पहचान पत्र चेक करना शुरू किए। इस दौरान पांच तहबाजारी ऐसे मिले जो बिना पहचान पत्र सामान बेच रहे थे। जैसे ही निगम टीम ने इनका सामान जब्त करना शुरू किया कि यह बहसबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहचान पत्र के लिए आवेदन कर रखा है। निगम कर्मचारियों ने कहा कि जब तक पहचान पत्र नहीं मिल जाता, दुकानें नहीं सजा सकते। निगम टीम करीब 3:50 बजे आईजीएमसी गेट के पास पहुंची और यहां से भी दो तहबाजारियों का सामान जब्त कर लिया। इसके अलावा लक्कड़ बाजार ऑकलैंड सड़क पर अवैध रूप से बैठे तहबाजारी भी हटाए। शाम करीब 4:30 बजे निगम टीम जैसे ही वापस लौटी की रिज लक्कड़ बाजार सड़क पर तहबाजारियों ने गाड़ी रोक दी।
विज्ञापन



तहबाजारियों और सीटू के नेता भी मौके पर पहुंचे और निगम की कार्रवाई का विरोध किया। मजदूर नेताओं ने कहा कि गरीब लोगों को न उजाड़ा जाए। निगम को इन्हें बसाना चाहिए। अधीक्षक रीता टंडन ने कहा कि हाईकोर्ट ने सख्त आदेश दिए हैं। इसके तहत ही अतिक्रमण हटाया जा रहा है। सड़क पर सज रही दुकानों से लोग परेशान हैं। डेढ़ घंटे तक मौके पर बहसबाजी चलती रही। तहबाजारी गाड़ी के आगे से हटने को तैयार नहीं थे।


साथ में थे दो पुलिस कर्मी, अधिकारी नहीं आए मौके पर

मौके पर सिर्फ दो पुलिस जवान थे। निगम की टीम ने और पुलिस सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों से बात की लेकिन कोई मौके पर नहीं आया। आखिरकार निगम टीम ने गाड़ी लॉक कर दी और सभी कर्मचारी दफ्तर लौट गए। जब्त किया सामान छुड़ाने आए तहबाजारी भी नरम पड़ गए। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए यह भी वापस चले गए। 6:00 बजे निगम टीम मौके से गाड़ी को ले गई और जब्त किए सामान की एंट्री की।



रास्ता रोकने पर दर्ज होगा केस
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का विरोध करने और रास्ता रोकने वाले तहबाजारियों पर केस दर्ज करवाया जाएगा। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त भुवन शर्मा ने कहा कि निगम कोर्ट के आदेशों के तहत कार्रवाई कर रहा है। इसमें बाधा पहुंचाने पर पुलिस में केस दर्ज करवाया जाएगा।
विज्ञापन



बाजारों में अतिक्रमण से लोग परेशान
शहर के बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण और अवैध तहबाजारियों की बढ़ती संख्या से आम जनता भी परेशान है। लोअर बाजार, रामबाजार, लक्कड़ बाजार से लेकर मालरोड तक अब तहबाजारी दुकानें सजा रहे हैं। सड़क पर सज रही दुकानों से पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था जिसके बाद निगम ने अब फिर से कार्रवाई के लिए अपनी टीमें फील्ड में उतार दी हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें