दस-दस की संख्या में भेजे गए सड़क से वाहन अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना की सड़क पर बुधवार को सुबह और शाम के वक्त पीक ऑवर्स में बड़े वाहन नहीं चले। जिला प्रशासन के आदेशों पर पुलिस सुबह साढ़े सात से दस और शाम साढ़े चार से छह बजे तक टिपर, ट्रक आदि की आवाजाही रोक दी थी।
हालांकि सुबह करीब साढ़े नौ बजे फोरलेन निर्माण स्थल की साइट की ओर कुछ ट्रक जरूर निकले लेकिन भट्ठाकुफर से चमियाना अस्पताल तक उसके बाद कोई बड़ा वाहन तय अवधि में नजर नहीं आया। अस्पताल में रोजाना मरीजों, स्टाफ के तीन सौ से चार सौ वाहनों की संख्या के चलते बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के बावजूद वाहनों की लंबी कतारें लगती रहीं। इस नई व्यवस्था के लागू किए जाने से जाम से हालांकि कुछ राहत जरूर मिली है। भट्ठाकुफर से माठु कॉलोनी तक तंग सड़क होने के कारण मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने जाम रोकने के लिए छोटे वाहनों को रोक कर दस-दस की संख्या में भेजा। इससे इस क्षेत्र की तंग सड़क में वाहनों का जाम नहीं लगने दिया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. यशवंत वर्मा और कर्मचारी विजय ठाकुर ने बताया कि लागू की गई नई व्यवस्था से मरीजों और स्टाफ को जाम की समस्या से राहत मिली है।