लेह-लद्दाख की जांस्कर घाटी को लाहौल से जोड़ने वाला शिकुंला दर्रा शनिवार को यातायात के लिए बहाल हो जाएगा। सड़क पर सीमा सड़क संगठन योजक परियोजना ने बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया है। शनिवार को सीमा सड़क संगठन के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी रिबन काटकर इस मार्ग पर यातायात बहाल करेंगे। पर्यटक और आम वाहनों को अनुमति स्थानीय प्रशासन ही देगा।
मार्ग बहाल होने के बाद अब शिकुंला दर्रा को भेदकर बनने वाली टनल का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। शनिवार को सीमा सड़क संगठन योजना परियोजना के डीजी लेफ्टिनेंट राजीव चौधरी शिकुंला दर्रा पहुंचेंगे। बीआरओ की योजक और दीपक परियोजना के अधिकारी डीजी का शिंकुला हेलीपैड में स्वागत करेंगे। सूत्र बताते हैं कि डीजी वाहनों को हरी झंडी देने के साथ बीआरओ अधिकारियों से शिंकुला पर बनने वाली शिंकुला टनल निर्माण को लेकर भी चर्चा करेंगे।
केंद्र सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में टनलों का निर्माण करने के लिए ही योजक परियोजना का गठन किया है। शिंकुला दर्रे पर भी टनल निर्माण का जिम्मा इसी परियोजना का रहेगा। योजक परियोजना का मुख्य कार्यालय भी लाहौल घाटी जिस्पा में बनना प्रस्तावित है। बीआरओ के मुताबिक शनिवार को यह मार्ग यातायात के लिए बहाल किया जाएगा। शिकुंला दर्रा पर टनल बननी है। सड़क मार्ग बहाल होने के बाद टनल निर्माण का कार्य भी शुरू हो सकेगा।
ऊंची चोटियों पर गिरे बर्फ के फाहे
बुधवार से घाटी में मौसम खराब है। वीरवार रात को भी मनाली और लाहौल की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। इससे निचले इलाकों में तापमान लुढ़क गया है। तापमान में आई कमी के कारण पर्यटकों ने राहत की सांस ली है। मनाली-लेह मार्ग पर आने वाले कई दर्रों में भी हल्का हिमपात होने की सूचना है।