अंतराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव एक से पांच जून तक आयोजित किया जाएगा। पांच दिन तक चलने वाले उत्सव के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाऐंगे।
इसमें ‘स्टार नाइट’ के अलावा ‘मिस शिमला समर फेस्टिवल प्रतियोगिता’ भी शामिल है। ग्रीष्मोत्सव के दौरान ‘हिमाचली फूड फैस्टिवल’ भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें हिमाचल के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाऐंगे।
फूड फैस्टिवल में स्थानीय लोगों के अलावा यहां भ्रमण पर आए पर्यटकों को भी हिमाचली व्यंजनों का लुत्फ ले पाऐंगे। इसकी जानकारी उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान दी।
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि ग्रीष्मोत्सव के दौरान आकर्षक ‘बेबी शो’ का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से किया जाएगा।
चित्रकला और बेबी शो भी होंगे खास
उत्सव के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें शिमला के विभिन्न स्कूलों के छात्र हिस्सा लेंगे। इस साल भी फ्लावर शो आयोजित किया जाएगा।
इस शो में गैर सरकारी संस्थाएं, सरकारी विभागों के अलावा आम नागरिक भी हिस्सा ले सकते हैं। इस दौरान प्रदर्शनी में बागवानी से संबंधित विभिन्न उत्पाद भी विक्रय के लिए उपलब्ध होंगे। ‘डॉग शो’ भी सभी के आकर्षण का केन्द्र रहेगा।
ग्रीष्मोत्सव के आयोजन के लिए तैयारियां आरंभ हो चुकी हैं। सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों का चयन इसके लिए गठित समिति द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान स्टेज निर्माण, बैठने की व्यवस्था, लाइट व साउंड अन्य व्यवस्था टेंडर के माध्यम से की जाएगी।