बर्फबारी से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कीं।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सर्दियों में होने वाली बर्फबारी के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और आम लोगों के साथ पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बर्फबारी से निपटने की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ बहुआयामी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि बर्फबारी के दौरान किसी भी व्यक्ति और पर्यटक को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग पहले से तैयार रहें। आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने पिछले वर्ष बर्फबारी के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना भी की।
सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों का होगा सेफ्टी ऑडिट
उपायुक्त ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने कार्यालयों का सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए, ताकि संभावित आपदाओं को पहले ही रोका जा सके। जिला के सभी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों का भी सुरक्षा ऑडिट करवाने को कहा गया है।
उन्होंने सर्दियों में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि ठंड के मौसम में लोग बड़े स्तर पर आग और अलाव जलाते हैं, जिससे आग लगने का खतरा बना रहता है। ऐसे में हर क्षेत्र में लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करना जरूरी है।
एसडीएम सेना, आईटीबीपी और आपदा प्रबंधन टीमों से बनाए रखें तालमेल
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक आयोजित कर आकस्मिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाए रखें। इसके अलावा राशन, गैस सिलेंडर और डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण समय रहते सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आपदा मित्रों के साथ भी संपर्क बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर उनकी सेवाएं लेने को कहा। जिला के विभिन्न उपमंडलों में आपदा मित्रों को आपदाओं से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से कई पंचायतों और आपदा मित्रों को सुरक्षा किट भी वितरित की गई हैं।
इनमें छोहारा विकास खंड की 30, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतें शामिल हैं। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को बर्फबारी से निपटने के लिए जरूरी सामान की सूची अगले दिन तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि इसे राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष उठाया जा सके।
विंटर कार्निवाल के दौरान रोजाना 12 हजार वाहनों की आवाजाही का अनुमान
शिमला में 25 से 31 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल को लेकर भी उपायुक्त ने सभी विभागों को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रतिदिन शहर में लगभग 12 हजार वाहनों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को असुविधा से बचाने के लिए यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देना होगा।
पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने और आवश्यकता के अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बिजली-पानी और सड़कों की बहाली पर रहेगा विशेष ध्यान
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के अधिकारियों को बर्फबारी के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और विशेष रूप से वन क्षेत्रों से गुजरने वाली बिजली लाइनों पर ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि बर्फबारी के दौरान बिजली, पानी और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जाएं।
अस्पतालों के रास्ते सबसे पहले खोले जाएंगे
बर्फबारी के दौरान जिला प्रशासन की प्राथमिकता अस्पतालों तक पहुंचने वाले रास्तों को खोलने की रहेगी। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन एंबुलेंस के टायरों पर चेन लगाने के निर्देश दिए, ताकि बर्फबारी के दौरान भी मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा सके।
इसके अलावा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां और चोट लगने जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी सामान उपलब्ध रखने को कहा गया है।
आपदा की स्थिति में 1077 पर करें संपर्क
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। बर्फबारी या किसी अन्य आपदा की स्थिति में लोग टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
शिमला को पांच सेक्टर में बांटा, नोडल अधिकारी होंगे तैनात
बर्फबारी के दौरान बेहतर प्रबंधन और त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन ने शिमला को पांच सेक्टर में बांटा है। प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा।
सेक्टर-1: संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा और बल्देयां।
सेक्टर-2: ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय।
सेक्टर-3: टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस और विकास नगर।
सेक्टर-4: डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड होते हुए छोटा शिमला, ओक ओवर, यूएस क्लब, रिज, होली लॉज, जाखू, रिच माउंट, रामचन्द्र चौक, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय।
सेक्टर-5: हिमाचल प्रदेश सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नवबहार।
बर्फबारी में इन मार्गों को प्राथमिकता से खोला जाएगा
प्रशासन ने बर्फबारी के दौरान सड़कें खोलने के लिए प्राथमिकता वाले मार्ग भी तय किए हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
संजौली से आईजीएमसी।
चम्याणा अस्पताल रोड।
आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल।
केएनएच से कार्ट रोड।
राजभवन से ओक ओवर।
होली लॉज से रिज, रिच माउंट, यूएस क्लब, ओक ओवर और सचिवालय।
बालूगंज से पीटरहॉफ, चौड़ा मैदान और एजी ऑफिस।
लिफ्ट से हाईकोर्ट, ओक ओवर और छोटा शिमला।
कार्ट रोड से विक्ट्री टनल होते हुए सचिवालय।
कार्ट रोड से विक्ट्री टनल और लक्कड़ बाजार होते हुए संजौली।
कैनेडी चौक से अनाडेल।
छोटा शिमला से कसुम्पटी और पंथाघाटी।
मेहली से शोघी होते हुए टूटीकंडी।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम और विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष उपस्थित रहे।