सुबह करीब 11:30 बजे दोनों की जयमाला की रस्म संपन्न हुई। इसके बाद विवाह की अन्य पारंपरिक रस्में निभाई गईं। दोपहर करीब तीन बजे दोनों की विदाई की तैयारी की गई। शादी के बाद दोनों नालागढ़ स्थित मानव सेवा ट्रस्ट के नए वृद्धाश्रम में साथ रहकर अपने जीवन का नया सफर शुरू करेंगे।
साढ़े तीन साल से वृद्धाश्रम में रह रहे हैं कन्हैया लाल
मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के रहने वाले कन्हैया लाल पिछले करीब साढ़े तीन साल से अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। उनकी पत्नी और बच्चे नहीं हैं। उनके पास करीब दो से ढाई बीघा जमीन और दो कमरों का मकान था। उन्होंने यह संपत्ति अपने भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन उनके अनुसार बाद में भाइयों ने उनकी देखभाल नहीं की। कन्हैया लाल लोक निर्माण विभाग में नियमित कर्मचारी रहे हैं और वर्ष 2000 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें वृद्धाश्रम में सहारा मिला।
कोलकाता की सबीना से वृद्धाश्रम में हुई मुलाकात
63 वर्षीय सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। जीवन की परिस्थितियों के चलते वह भी अपनों से दूर हो गईं। दयोली स्थित वृद्धाश्रम में उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच विश्वास और अपनापन बढ़ा। आखिरकार दोनों ने जीवन का शेष सफर एक-दूसरे के साथ बिताने का फैसला कर लिया।
हल्दी की रस्म से लेकर जयमाला तक हुईं परंपराएं
विवाह की खुशियां आश्रम में मंगलवार शाम से ही शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाई। इस दौरान ढोलकी की थाप पर मंगलगीत गाए गए। बुधवार सुबह जयमाला की रस्म हुई और इसके बाद विवाह की अन्य रस्में पूरी की गईं। पहले दोनों का कोर्ट मैरिज करवाने की योजना थी, लेकिन बाद में आश्रम प्रबंधन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह करवाने का निर्णय लिया। इस समारोह में कन्हैया लाल के गांव से भी दो-तीन लोग शामिल हुए। इनमें वे लोग भी थे, जिन्होंने शुरुआत में उन्हें रेस्क्यू कर वृद्धाश्रम पहुंचाया था। हालांकि, दोनों के परिवारों से किसी के विवाह समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं थी।