कोटखाई में दसवीं की छात्रा से दुराचार और हत्या के मामले में जांच कर रही सीबीआई जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रही है। तमाम मशक्कत के बावजूद सीबीआई असल अपराधियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
पुलिस द्वारा पकडे़ गए आरोपियों को न तो सीबीआई अपराधी मान रही है और न ही उन्हें क्लीन चिट देकर किसी और को पकड़ पा रही है। बुधवार को सीबीआई ने इस मामले से जुड़ी पांचवीं संयुक्त स्टेटस रिपोर्ट सील्ड कवर में हिमाचल हाईकोर्ट को सौंपी।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करोल और न्यायाधीश संदीप शर्मा की खंडपीठ ने जांच की स्टेटस रिपोर्ट देखकर सीबीआई को फिर फटकार लगाई। कहा कि स्टेटस रिपोर्टों से लगता है कि सीबीआई के हाथ अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।