हिमाचल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सीमेंट और महंगा हो गया है। एसीसी एवं अंबुजा कंपनियों ने सीमेंट के रेट में पांच रुपये प्रति बैग बढ़ोतरी कर तगड़ा झटका दिया है। अल्ट्राटेक कंपनी ने बीते दिन ही दो रुपये प्रति बैग दाम बढ़ा दिए हैं। बुधवार से पांच रुपये दाम और बढ़ाने की तैयारी है। बाजार में सीमेंट का बैग अब 360 से 365 रुपये तक मिलेगा।
पिछले पांच सालों में सीमेंट के दामों में 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। सीमेंट के दाम बढ़ने से महंगाई के दौर में लोगों को घर बनाने में और मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। सूबे की पंचायतों में चल रहे मनरेगा और अन्य विकास कार्य भी प्रभावित होंगे। जानकारों का कहना है कि जुलाई माह से जीएसटी लागू होने के बाद सीमेंट के दाम बढ़ने के बजाय घटने चाहिए थे।
सीमेंट के प्रति बैग पर खर्चा 35 रुपये से घटकर 28 रुपये हो गया है। पड़ोसी राज्यों में सीमेंट का एक बैग 250 रुपये में बिक रहा है। हिमाचल में एसीसी, अंबुजा और अल्ट्राटेक (जेपी) के प्लांट होने के बावजूद प्रदेशवासियों को सीमेंट महंगी दरों पर मिल रहा है।
अंबुजा सीमेंट कंपनी के डीलर विजय बहल ने सीमेंट के दामों में 5 रुपये बढ़ोतरी की पुष्टि की है। अल्ट्राटेक के डीलर मनोज कुमार ने बताया कि कंपनी ने दो रुपये दाम बढ़ाए हैं। कंपनी और दाम बढ़ाने जा रही है।