राजधानी शिमला में परिवहन नियमों का उल्लंघन करते हुए कई निजी बसें संचालित हो रही हैं। ऐसे ही मामले में आरटीओ शिमला की टीम ने बिना वैध दस्तावेजों और एक्सपायर्ड फिटनेस वाली निजी बस को जब्त किया है। बस को आगे की कार्रवाई तक एचआरटीसी कार्यशाला में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक आरटीओ शिमला की टीम ने पुराना बस अड्डा के समीप एचपी-51-3201 बस के दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि बस का फिटनेस प्रमाणपत्र एक्सपायर हो चुका है और और वैध परमिट भी नहीं था।
वहीं चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र भी नहीं मिला। टीम ने जब बस के दस्तावेजों की पड़ताल कर छानबीन की तो पता चला कि बस का विशेष सड़क कर भी लंबित है और वर्ष 2021 से जमा नहीं करवाया गया है। हैरानी इस बात की है कि बस अपने परमिट मार्ग से बाहर चल रही थी। इसको देखते हुए विभाग की टीम ने मौके पर ही बस को जब्त कर लिया है और उसे फिलहाल एचआरटीसी की कार्यशाला में रखा गया है। इससे पहले भी नियमों की अवहेलना को लेकर आरटीओ शिमला की टीमें कई बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इसमें गंभीर अवहेलना पाए जाने पर कई बसों के जब्त भी किया जा चुका है।
आरटीओ शिमला विश्व मोहन देव चौहान ने कहा कि यह यात्री बस सुरक्षा के लिए खतरा है। लापरवाही से बसों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब्त बस पर नियमों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरटीओ शिमला ने शहर की जनता से अपील की है कि यदि कोई ऐसा वाहन देखा जाए जो बिना दस्तावेज या असुरक्षित हो तो इसकी सूचना तुरंत आरटीओ शिमला को दें। ऐसे संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।