उपमंडल चौपाल की ग्राम पंचायत झीना में लोगों की आस्था का प्रतीक ऐतिहासिक ठौड़ माता मंदिर आग लगने से राख हो गया। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। आग की घटना में करीब 25 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
वीरवार सुबह करीब पौने नौ बजे ग्राम ठौड़ (रणचंडी) मंदिर झीना में अचानक आग भड़क गई। मंदिर में उस समय कोई मौजूद नहीं था। आग देखकर लोग मौके की तरफ दौड़े और इस पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन दो मंजिला मंदिर कुछ ही देर में जलकर राख हो गया।
हालांकि, ग्रामीणों के प्रयासों से साथ लगते दो मंदिरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। सेवानिवृत्त तहसीलदार ओम प्रकाश मेहता ने कहा कि लोगों ने मंदिर के भीतर घुस कर बहुमूल्य मुर्तियों और अन्य जरूरी समान को आग की चपेट में आने से बचा लिया है।
मंदिर में सैकड़ों साल पुरानी नक्काशी लकड़ी पर की गई थी। इस प्रकार की दुर्लभ कलाकृतियों को दोबारा लकड़ी पर उकेरना अब संभव नहीं होगा। उन्होंने मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए भाषा और संस्कृति विभाग से आर्थिक सहायता की मांग की है।
उपमंडलाधिकारी चौपाल चेत सिंह ने कहा कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। नुकसान का आकलन किया जाएगा। आग लगने के कारण का जांच के बाद ही पता चल सकेगा।