शिमला में लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान साझा किए गए निजी वीडियो बिना अनुमति रिकॉर्ड कर वयस्क सामग्री वाली साइटों पर अपलोड किए जाने के मामले सामने आए हैं। साइबर क्राइम सेल को पिछले दो महीनों में ऐसी पांच शिकायतें मिली हैं। एक पीड़िता ने बताया कि उसने लाइव स्ट्रीमिंग से दो से तीन साल में तीन से चार लाख रुपये कमाए थे। पुलिस संबंधित वेबसाइटों से वीडियो हटाने की प्रक्रिया में जुटी है।
चंद रुपयों की कमाई के लिए लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान निजी वीडियो साझा करना युवतियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। सोशल मीडिया और लाइव स्ट्रीमिंग एप पर प्रसारित होने वाले वीडियो की दूसरे मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर उन्हें वयस्क सामग्री वाली साइटों पर अपलोड किए जाने के मामले सामने आए हैं। साइबर क्राइम सेल शिमला को पिछले दो महीनों में ऐसी पांच शिकायतें मिली हैं। पीड़ित युवतियों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी अनुमति के बिना वीडियो रिकॉर्ड कर अलग-अलग वेबसाइट पर अपलोड किए गए।