राजधानी शिमला में एक जज के साथ अभद्र व्यवहार करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान हरियाणा नंबर की कार के चालक ने मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को भी वाहन से कुचलने का प्रयास किया और इसके बाद कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, सरकारी वाहन के चालक ने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब 9:45 बजे वह सोलन से शिमला की ओर जा रहा था। सरकारी वाहन में जज भी सवार थे। रास्ते में डीजल भरवाने के लिए चालक ने वाहन को ओल्ड बैरियर स्थित पेट्रोल पंप पर रोका।
इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक कार भी पेट्रोल पंप पर पहुंची। आरोप है कि कार में सवार चालक वहां से उतरकर चिल्लाते हुए सरकारी वाहन के पास पहुंचा। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने जज के साथ अभद्रता की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बताया गया है कि आरोपी के साथ कार में तीन महिलाएं भी मौजूद थीं। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास करने का आरोप
आरोप है कि घटना की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। इस दौरान आरोपी चालक ने कार से पुलिसकर्मी को टक्कर मारने अथवा कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर वहां से निकल गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी चालक और घटना के समय कार में मौजूद अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।