बीते हफ्ते यहां सड़क का एक हिस्सा धंस गया था। प्रशासन ने इसकी भूविज्ञानी से जांच करवाई थी। भूवैज्ञानिक शाखा की ओर से प्रस्तुत प्राथमिक स्थल निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, मैहली-ढली रोड पर एक बड़ा गर्त (गहरा स्थान) विकसित हुआ है। इसमें चट्टानी द्रव्यमान में दरारें, सतत रिसाव और आसपास के कई आवासीय घरों में संरचनात्मक दरारें देखी गई हैं। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से निर्माणाधीन ट्विन ट्यूब टनल का अक्ष (आधार) प्रभावित क्षेत्र के ठीक नीचे है और इस स्तर पर खुदाई गतिविधियों का प्रभाव नकारा नहीं जा सकता। प्राथमिक निष्कर्षों के आधार पर भूस्खलन के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया जैसी विशेष एजेंसी से विस्तृत भू-तकनीकी एवं भू-भौतिकीय आवश्यक पाई गई है। भूवैज्ञानिक शाखा की सिफारिशों को देखते हुए यह निर्णय लिया है कि भट्ठाकुफर में ट्विन ट्यूब टनल पर सभी टनलिंग, खुदाई, ब्लास्टिंग या निर्माण गतिविधियां तत्काल प्रभाव से रोक दी जाएं। इसके अतिरिक्त, मैसर्ज गावर शिमला हाईवे प्राइवेट लिमिटेड को जारी ब्लास्टिंग अनुमति अगले आदेश तक अस्थायी रूप से वापस ले ली है।
धंसाव पर नजर रखने के आदेश
जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्र में दरारें, भू-स्खलन और रिसाव की निरंतर निगरानी की जाए। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग और जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की टीम के साथ पूर्ण सहयोग सुनिश्चित किया जाए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय और बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परियोजना निदेशक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।