क्रिसमस के बाद नए साल के जश्न के लिए भारी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने पर करोड़ों का कारोबार होने की उम्मीद है। दो साल बाद विंटर टूरिस्ट सीजन के दौरान शिमला में रिकॉर्ड सैलानियों के पहुंचने से पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। दो जनवरी तक के लिए शहर के अधिकतर होटलों में सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी है। होटल और रेस्टोरेंट में आयोजित होने वाली न्यू ईयर पार्टी में जमकर धमाल मचेगा। सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। सेल बढ़ने से कारोबारियों की कमाई में इजाफा हुआ है।
क्रिसमस के दौरान शहर के होटलों में सौ फीसदी आक्यूपेंसी रेस्टोरेंटों और बाजारों में जुटी भारी भीड़ से शहर के कारोबारियों ने करोड़ों की कमाई की है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने पर कमाई दोगुनी होने की उम्मीद है। क्रिसमस के बाद से शहर के होटलों में 70 से 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी चल रही है। न्यू ईयर सैलिब्रेशन के लिए बुधवार से सैलानी शिमला पहुंचने शुरू हो गए हैं। अगले चार दिन शहर में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने वाली है। सैलानियों की आमद बढ़ने से शिमला में कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। शहर के होटल संचालकों के अलावा रेस्टोरेंट, गिफ्ट शॉप संचालकों ने न्यू ईयर सैलिब्रेशन के लिए खास तैयारियां की है।
होटल हॉलीडे होम कश्मीरी फूड फेस्टिवल शुरू
शिमला के होटल हॉलीडे होम में कश्मीरी फूड फेस्टिवल का 31 दिसंबर तक आयोजन होगा। यहां सैलानियों को लजीज कश्मीरी व्यंजन परोसे जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि क्रिसमस पर सैलानियों की आमद में भारी बढ़ोतरी से बीते सालों के मुकाबले कारोबार में दो गुना तक तेजी आई थी। न्यू ईयर पर कारोबार तीन से चार गुणा बढ़ने की उम्मीद है।
दिल्ली में बंदिशों से सैलानियों के बढ़ने की उम्मीद
कोरोना के मामले बढ़ने के बाद दिल्ली में सरकार ने कई तरह की बंदिशें लगा दी हैं। होटल रेस्टोरेंट में 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी की शर्त के चलते दिल्ली के लोग नए साल का जश्न मनाने के लिए शिमला का रुख कर सकते हैं। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने बताया कि दिल्ली में बंदिशें बढ़ने के बाद शिमला के लिए इनक्वायरी बढ़ी है। शिमला में सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद है।
होटल एडवांस बुक : प्रिंस
शिमला होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि दिल्ली में बंदिशें लगने के बाद शिमला में सैलानियों की आमद में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है। 2 जनवरी तक के लिए शहर के अधिकतर होटलों में सौ फीसदी तक ऑक्यूपेंसी है। न्यू ईयर सैलिब्रेशन के लिए शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में खास तैयारियां की गई हैं।