राजधानी शिमला समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी से नए साल का आगाज हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 30, 31 दिसंबर और एक जनवरी को प्रदेश के आठ उच्च और मध्य पर्वतीय जिलों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में दो जनवरी तक मौसम साफ बना रहने की संभावना है।
मंगलवार रात को कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान माइनस 10.4, कल्पा का माइनस 0.4, समदो का माइनस 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 25.2, कांगड़ा में 23.0, चंबा में 23.3, सोलन में 22.5, नाहन में 21.8, सुंदरनगर में 22.2, भुंतर में 20.0, धर्मशाला में 21.0, मंडी में 18.9, शिमला में 16.5, डलहौजी में 14.4, कल्पा में 13.9 और कुकुमसेरी में 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।