चमियाना अस्पताल से टांग को उठाकर ले गया कुत्ता घटना के दूसरे दिन बुधवार को परिसर में देखा गया लेकिन टांग का अभी तक कोई अवशेष उसको खोजने में लगे सफाई और सुरक्षा कर्मियों के हाथ नहीं लगा है। चारों ओर जंगल से घिरे अस्पताल परिसर में प्रवेश का कोई एक रास्ता नहीं है, चारों ओर से लावारिस कुत्ते कभी भी परिसर में घुस सकते हैं। बीते रोज हुई इस घटना के बाद यह जरूरी है कि अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। कुत्तों की चमियाना क्षेत्र में बढ़ी तादाद से आने वाले समय में यह समस्या गंभीर हो सकती है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने 21 फरवरी की रात को ड्यूटी पर तैनात सभी छह सफाई कर्मियों और सुपरवाइजर को नोटिस देकर जवाब मांगा है। जवाब आने पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। कटी हुई टांग को ढूंढने के लिए सफाई कर्मी और सुरक्षा कर्मी लगाए थे लेकिन अभी नहीं मिली। टांग उठाने वाला कुत्ता परिसर में ही था लेकिन टांग नहीं मिली।