फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lahul: खराब मौसम में नहीं हो पाई हिमस्खलन में दबे एक मजदूर की तलाश, एनडीआरएफ से मांगी मदद

Mon, 06 Feb 2023 06:52 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)

सार

आईटीबीपी के जवान लापता कामगार की तलाश के लिए तैयार थे, लेकिन खराब मौसम के चलते सोमवार को तलाशी अभियान शुरू नहीं हो सका।
विज्ञापन
हिमस्खलन - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दारचा-शिंकुला मार्ग पर रविवार शाम 4:00 बजे छीका के पास हिमस्खलन से लापता एक मजदूर की तलाश के लिए अभी अभियान शुरू नहीं हो पाया है। बीआरओ ने एनडीआरएफ की मदद मांगी है। आईटीबीपी के जवान लापता कामगार की तलाश के लिए तैयार थे, लेकिन खराब मौसम के चलते सोमवार को तलाशी अभियान शुरू नहीं हो सका। दारचा-शिंकुला के साथ पूरी लाहौल घाटी में सोमवार सुबह से बर्फबारी का दौर जारी रहा। बता दें कि रविवार को बीआरओ दारचा से शिंकुला मार्ग से बर्फ हटाने में जुटा था। स्नो कटर के साथ एक डोजर तैनात किया गया था। शाम 4:00 बजे छीका के पास सड़क से बर्फ हटाई जा रही थी तो पहाड़ी से अचानक हिमस्खलन  हुआ। इससे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के तीन मजदूर बर्फ में दब गए। दो कामगारों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनकी पहचान राम बुद्धा (19) पुत्र मुनि राम बुद्धा निवासी नेपाल के रूप में हुई है। कामगार वर्तमान में मनाली के 17 मील में रहता था। दूसरा व्यक्ति राकेश (36) पुत्र अशोक कुमार निवासी वार्ड-3 समलेउ, चंबा का रहने वाला था। दोनों के शव रविवार रात को केलांग अस्पताल पहुंचाए गए थे।

विज्ञापन


लापता पासंग छेरिंग लामा (27) पुत्र लुंदूल लामा निवासी नेेपाल वर्तमान में पतलीकूहल में रहता है। सोमवार को दिनभर मौसम खराब रहने के कारण तलाशी अभियान नहीं चल सका। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि तीनों उनके कामगार हैं। कामगारों के साथ बीआरओ की मशीनरी भी हिमस्खलन की चपेट में आ गई है। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने पुलिस, आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजीं। टीमों ने माइनस डिग्री तापमान में दो लोगों को ढूंढ निकाला। अंधेरा होने से तीसरे कामगार की तलाश नहीं हो पाई। सीमा सड़क संगठन के योजक परियोजना के मुख्य अभियंता जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई थी, लेकिन खराब मौसम के चलते तलाशी अभियान नहीं हो पाया। बीआरओ ने लाहौल-स्पीति प्रशासन के साथ तीनों मजदूरों के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। सीएमओ केलांग डाॅ. रोशन लाल ने बताया कि मृतकों के शवों के पोस्टमार्टम कर दिए गए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें