सरकाघाट स्वाति डोगरा ने गुरुवार को ग्राम पंचायत बरच्छवाड़ में नलवाड़ी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पहले एसडीएम ने शिव मंदिर त्रिवेणीघाट में शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने पगड़ी समारोह व शोभायात्रा में भी भाग लिया। महाकाली चमुंडा माता चंदरूही, महाकाली माता गधयानी व भगवती रण शक्ति महाकाली माता बेहड़ सरकाघाट की पालकियों को एसडीएम की अगुवाई में लोगों ने मेला मैदान तक पहुंचाया। इसके बाद खूंटा गाड़कर और बैलों की पूजा के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
ग्राम पंचायत प्रधान बरच्छवाड़ निशा कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। एसडीएम स्वाति डोगरा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मेले धार्मिक सौहार्द का अद्भुत उदाहरण है। मेले आज के समय में दूर हो रहे परिवारों को जोड़ने व आपसी भाईचारे बढ़ाने व मनोरंजन का अच्छा उत्सव है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के प्रतीक हैं। इसमें सभी को अपनी पौराणिक संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।
पंचायत प्रधान बरच्छवाड़ व मेला प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष निशा कुमारी ने बताया कि यह मेला पिछले लगभग 70 सालों से धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय इस मेले में छिंज विशेष आकर्षण होगा। वहीं, अन्य खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जांएगी।