क्लास रूम सैनिटाइज, कल खुलेंगे शहर के स्कूल
आने जाने के लिए अलग गेट का होगा इस्तेमाल
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में सोमवार से खुल रहे सरकारी और निजी स्कूलों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभी नौवीं से जमा दो तक के विद्यार्थियों को स्कूल बुलाया है। इसके लिए स्कूलों ने कक्षाओं का शेड्यूल तैयार कर लिया है।
इसमें हफ्ते के पहले तीन दिन दसवीं और जमा दो की कक्षाएं लगेंगी और अगले तीन दिन नॉन बोर्ड नौवीं तथा ग्यारहवीं की कक्षाएं होंगी। शिक्षा विभाग की ओर से कक्षाओं को लेकर जारी आदेशों और एसओपी को लागू करने के लिए राजधानी शिमला के सरकारी तथा निजी स्कूलों ने माइक्रो प्लान बना लिए हैं। स्कूलों ने शनिवार को ही क्लास रूम और कैंपस को सैनिटाइज करवा दिया है। छात्र-छात्राओं के स्कूल में प्रवेश करते वक्त और बाहर जाने के लिए अलग-अलग गेट रहेंगे। मुख्य गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग होगी तथा गेट पर हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। बच्चों को कोविड नियमों बारे मैसेज भेजे हैं।
राजधानी के केंद्रीय विद्यालय जाखू के प्रधानाचार्य मोहित गुप्ता ने शनिवार को स्कूल के शिक्षकों के साथ वर्चुअल मीटिंग कर दिशा निर्देश जारी किए। बताया कि क्लास रूम और कैंपस को सैनिटाइज करवाने का कार्य पूरा कर लिया है। सरकार और विभाग के आदेशों के अनुसार ही स्कूल में सोमवार से कक्षाएं संचालित की जाएंगी। दयानंद पब्लिक स्कूल शिमला की प्रधानाचार्य अनुपम ने कहा कि रविवार को होने वाली एचएएस की परीक्षा के बाद पूरे कैंपस को सैनिटाइज कर दिया जाएगा। स्कूल गेट पर विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग होगी। स्कूल से बाहर जाने के लिए अलग रास्ता रहेगा।
पोर्टमोर में पहले तीन दिन आएंगी 617 छात्राएं
गर्ल्स स्कूल पोर्टमोर के प्रधानाचार्य नरेंद्र सूद ने कहा कि उन्होंने सोमवार से कक्षाओं के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को स्टाफ के साथ बैठक की है। सोमवार से बुधवार को दसवीं और बारहवीं की कक्षाएं होंगी, इसमें 617 छात्राएं स्कूल आएंगी। बारहवीं कक्षा को पौने दस बजे, दसवीं को दस बजे प्रवेश दिया जाएगा। छुट्टी के समय में भी दस मिनट का अंतर रहेगा। कहा कि किसी भी विद्यार्थी को चीजें शेयर करने की अनुमति नहीं होगी। लंच छात्राएं अपनी सीट पर बैठ कर ही करेंगी। छात्राएं पानी की पारदर्शी बोतलें ला सकती है। सभी को मास्क पहनना अनिवार्य होगा।