हिमाचल के जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन से 17 किलोमीटर दूर बनेठी स्थित शिजरा पब्लिक हाईस्कूल की बस सोमवार दोपहर को बनेठी के समीप 150 फुट गहरी खाई में गिर गई। इससे बस में सवार एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि दो गंभीर रूप से घायल बच्चों को पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है। 32 घायल नन्हें छात्र नाहन अस्पताल में उपचाराधीन है। स्कूल का बस चालक नहीं खुद प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह बस चला रहा था। पुलिस ने राजेंद्र सिंह के खिलाफ धारा 304ए, 279 एवं 337 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिजरा पब्लिक हाई स्कूल बनेठी की स्कूल बस नंबर एचपी-71-4833 हर रोज की तरह आसपास के बच्चों को छुट्टी के बाद घर छोड़ने जा रही थी। स्कूल से महज 300 मीटर आगे नाहन-कुमारहट्टी हाइवे पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
बस में थे 35 बच्चे सवार
बस को नियमित चालक नहीं चला रहा था बल्कि स्कूल का प्रिंसिपल एवं मालिक राजेंद्र सिंह खुद ड्राइव कर रहा था। घायल नन्हें छात्रों ने यह जानकारी पुलिस अधीक्षक को नाहन अस्पताल में दी। सीएमओ डा. संजय शर्मा ने बताया कि बस हादसे में संजना (6) पुत्री मुकेश निवासी बनेठी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
वहीं, आयुष पुत्र मान सिंह निवासी निहोग एवं रजत पुत्र अर्जुन निवासी राहौर को गंभीर अवस्था में पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जबकि 32 नन्हें छात्र-छात्राएं नाहन अस्पताल में उपचाराधीन है और सभी खतरे से बाहर है।
घायल बच्चों की सूची
अनिल शर्मा, अक्षय पुंडीर, राजन, पीयूष, लक्ष्य, वैष्णवी, भावना, साक्षी, पायल, अक्षिता, कनिष्का, निहारिका, सुशासन, संजना, निखिल, वंश, वदंश, सुमित, अमन, आयुष, नितिश, गौरव, वेदिका, मुस्कान, अंकुश, मनोज, आयुषी, प्रिया, आरूष, दिपांश, देवांश एवं शिक्षक रामस्वरूप शामिल हैं।