निर्माण कार्य के चलते हो रही दिक्कत, दोनों ओर से यातायात चलने से पैदल यात्री परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर की संजौली आईजीएमसी सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों को इन दिनों भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। इस सड़क के किनारे स्मार्ट फुटपाथ का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए खुदाई की गई है।
कई जगह निर्माण सामग्री सड़क पर रखी है। इससे सड़क तंग हो गई है। बावजूद इसके दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही की जा रही है। इससे लोगों के पैदल चलने तक की जगह नहीं बची है। मंगलवार को इंजनघर पार्षद आरती चौहान ने इस बारे में मेयर सत्या कौंडल को ज्ञापन सौंपा। कहा कि इस सड़क पर वन वे आवाजाही की जाए। दोनों तरफ से गाड़ियां चलने के कारण पैदल चल रहे लोगों के साथ हादसे का खतरा पैदा हो गया है। बच्चे तंग सड़क पर दोनों ओर से यातायात चलने से गड्ढों में गिर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम जिला प्रशासन और पुलिस को इस बारे में अवगत करवाए।
मेयर सत्या कौंडल ने कहा कि इस मामले पर पुलिस और जिला प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही शहरी विकास मंत्री के पास भी इस मामले को उठाया जाएगा। पुलिस दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बंद करे ताकि आईजीएमसी अस्पताल और शिमला जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।