कट ऑफ में पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी तक हो सकती है बढ़ोतरी
क्रॉसर
जमा दो कक्षा के अंकों के आधार पर मिलेगा प्रवेश
पिछले साल 80 फीसदी गई थी नॉन मेडिकल में मेरिट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश के एकमात्र सेंटर ऑफ एक्सिलेंस पीजी कॉलेज संजौली में स्नातक डिग्री कोर्सों में प्रवेश के लिए इस बार मारामारी होगी। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड और सीबीएसई के बिना परीक्षा के फार्मूला आधार पर घोषित किए परिणाम के चलते मेरिट ऊंची रहने की उम्मीद है।
पिछले साल के मुकाबले इस बार मेरिट में पांच से दस फीसदी तक की वृद्धि हो सकती है। इसलिए कॉलेज में प्रवेश के लिए कट ऑफ और टॉप मेरिट रिकार्ड स्तर तक जाने के पूरे आसार हैं। अब तक कॉलेज में विभिन्न यूजी कोर्सों में प्रवेश के लिए साढ़े आठ सौ से अधिक आवेदन आ चुके हैं। सीबीएसई बारहवीं का परीक्षा परिणाम भी अब निकल चुका है इसलिए आवेदन और बढ़ने की संभावना है।
कॉलेज में पिछली बार नॉन मेडिकल की 140 सीटों के लिए मेरिट 80 फीसदी तक गई थी। इस बार 90 के आसपास, मेडिकल की 140 सीटों के लिए पिछले सत्र में 75 फीसदी तक मेरिट रही थी। कला संकाय की 600 सीटों के लिए भी कट ऑफ 69 से बढ़कर 79 तक रह सकती है। बीकाम के लिए सीमित 80 सीटों के लिए अधिक स्पर्धा रहेगी। इसमें टॉप मेरिट 88 से 95 फीसदी तक जा सकती है। बीसीए की 40 सीटों की मेरिट में भी आंशिक वृद्धि हो सकती है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. सीबी मेहता ने बताया कि जमा दो कक्षा में छात्रों द्वारा प्राप्त किए अंकों का प्रतिशत अच्छा रहने का असर साफ तौर पर कॉलेज में यूजी कोर्स की मेरिट पर पड़ेगा। इससे स्पर्धा अधिक रहेगी। 80 और 90 से 95 तक टॉप मेरिट जा सकती है। बताया कि अभी 9 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चलेगी।
ईडब्लूएस के लिए 10 फीसदी सीटें
कॉलेज में मेरिट के आधार पर प्रवेश मिलता है। लेकिन इसके साथ कॉलेज प्रशासन ने सरकार द्वारा इसी सत्र से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए दस फीसदी सीटें आरक्षित रखी हैं। स्पोर्ट्स एंड कल्चरल कोटा के लिए सीटें आरक्षित हो सकती हैैं, हालांकि अभी इस पर सरकार का फैसला आना है। यदि कोटा बहाल होता है तो उसी हिसाब से हर कोर्स में तय सीटें आवंटित होेंगी।