दीवाली पर घर जाने के लिए अगर आप भी एचआरटीसी बस में सफर करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो एडवांस बुकिंग करवा लें। दीवाली से दस दिन पहले ही एचआरटीसी बसों में एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। हालात यह है कि कुछ लांग रूटों पर तो बसों की 50 फीसदी सीटें एडवांस में बुक हो चुकी हैं। एचआरटीसी लग्जरी बसों की बुकिंग में सबसे अधिक तेजी है।
हालांकि एचआरटीसी प्रबंधन दीवाली पर यात्रियों की सुविधा के लिए ऑन डिमांड अतिरिक्त बसें उपलब्ध करवाने का दावा कर रहा है। परिवार के साथ दीवाली मनाने के लिए हर साल लोग त्योहार से पहले अपने घरों का रुख करते हैं। सफर करने के लिए यात्रियों की पहली प्राथमिकता एचआरटीसी बसें ही रहती हैं। एडवांस बुकिंग न करने की स्थिति में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
यही कारण है कि इस बार यात्री एचआरटीसी की आनलाइन बुकिंग का जमकर प्रयोग कर रहे हैं। इतना ही नहीं निगम के बुकिंग काउंटरों पर भी एडवांस टिकट बुकिंग के लिए लोगों की कतारें लग रही हैं। दिल्ली, चंडीगढ़, मनाली, धर्मशाला और शिमला रूट पर बुकिंग का सबसे अधिक रस है।