राजधानी में जाम से मिलेगी राहत
केंद्र सरकार और आपदा प्रबंधन के तहत करीब 60 करोड़ का बजट मंजूर, फरवरी से काम शुरू करने की तैयारी
जिला प्रशासन ने जल्द निर्माण के दिए निर्देश, लोक निर्माण विभाग करेगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में पर्यटन और वीआईपी मूवमेंट वाली कई सड़कें अब चौड़ी की जाएंगी। इससे आवाजाही आसान होगी और शहर में यातायात जाम की समस्या भी कम होगी। पहले चरण में 60 करोड़ रुपये की लागत से दो सड़कों को चौड़ा करने और मरम्मत करने का काम शुरू किया जा रहा है।
इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर फरवरी से काम शुरू करने की तैयारी है। केंद्र सरकार और आपदा प्रबंधन के तहत इस कार्य के लिए बजट जारी किया गया है। पर्यटन की दृष्टि से अहम कुफरी-चायल सड़क 52 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ी की जा रही है। केंद्र से जारी बजट के तहत 25 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इस कार्य को दो भागों में बांटा है। पहले भाग में 14 किलोमीटर, जबकि दूसरे भाग में 11 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जाएगा। दोनों भागों की टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पानीपत की कंपनी सड़क को चौड़ा करने का कार्य करेगी। यह सड़क शिमला के कुफरी, चीनी बंगला और सोलन के चायल पर्यटक स्थलों को आपस में जोड़ती है। सड़क के चौड़ा होने से सैलानियों को शिमला शहर की बजाय अब वाया सोलन आवाजाही की सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में यह सड़क कई स्थानों पर संकरी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन कौंडल ने बताया कि इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मौसम के अनुसार अगले माह से इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ये वीआईपी मूवमेंट वाली सड़कें शामिल
शहर में वीआईपी मूवमेंट वाली सड़कों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। इनमें विधानसभा चौक से अनाडेल तक की सड़क को 8.55 करोड़ रुपये की लागत से दुरुस्त किया जाएगा। बारिश के चलते इस सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। इसमें संकरे स्थानों को चौड़ा किया जाएगा। आपदा प्रबंधन के तहत इसके लिए बजट जारी किया जाना है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण वर्मा का कहना है कि प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। बजट जारी होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभाग वीआईपी मूवमेंट वाली रामचंद्र चौक सड़क को भी जल्द दुरुस्त करने जा रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।