पांच साल से नहीं हुई सड़क की टारिंग, बारिश में गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना का अंदेशा
विज्ञापन
लोगों ने सरकार से की सड़क की मरम्मत की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी से सटी शिमला ग्रामीण की छह पंचायतों को जोड़ने वाली बनूटी-नयासेर और पाहल सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है।
नेशनल हाईवे-205 से बनूटी में जुड़ने वाली यह सड़क पाहल और नयासेर तक जाती है। बनूटी से करीब 20 से 22 किलोमीटर तक सड़क का हिस्सा रखरखाव के अभाव में खराब हो चुका है। बनूटी-नयासेर सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। बरसात के मौसम में बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क पर कीचड़ फैल जाता है। गड्ढों में भरे पानी के बीच से दोपहिया और कार जैसे छोटे वाहनों को निकालना चालकों के लिए चुनौती बना हुआ है। रोजाना इस सड़क से क्षेत्र की दुधालटी, जनोल, देवनगर, पाहल और घैणी पंचायतों के दर्जनों गांवों के लोग बसों और निजी वाहनों से शहर आते-जाते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।फाइन आर्ट्स कॉलेज समेत कई स्कूल भी सड़क के किनारे बनूटी से लिंक होने वाली यह सड़क आगे पाहल और नयासेर तक जाती है। इस सड़क मार्ग पर फाइन आर्ट्स कॉलेज सहित कई निजी और सरकारी स्कूल भी स्थित हैं। इस सड़क से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें भी शिमला के लिए चलती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब पांच साल से सड़क पर टारिंग नहीं हो पाई है।
क्षेत्र में चल रहे भवनों के निर्माण के लिए सामग्री लाने वाले टिप्पर और अन्य भारी वाहन भी इस सड़क से नियमित रूप से गुजरते हैं। इससे सड़क की हालत और खराब हो गई है। पाहल पंचायत के प्रधान गिरीश, उपप्रधान राज, कड़ेची के कुलदीप, टभोग के सत्य प्रकाश, बाग गांव के प्रेमलाल और पाहल के वासुदेव सहित अन्य लोगों ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विभागीय अधिकारियों से सड़क की मरम्मत और रखरखाव करवाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि छह पंचायतों को जोड़ने वाली इस सड़क की आगामी टारिंग सीजन में प्राथमिकता के आधार पर टारिंग करवाई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों की परेशानी दूर हो सके। उपप्रधान राज ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का यह अपना चुनाव क्षेत्र और दूसरा घर है। उन्होंने मंत्री के समक्ष भी सड़क की हालत सुधारने की मांग उठाई है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि सड़क की जल्द मरम्मत होगी और स्थानीय लोगों की मुश्किलें दूर होंगी।