सर्द मौसम के पहले हिमपात से अप्पर शिमला जाने वाले सभी मुख्य मार्ग बंद हो गए हैं। शिमला सिटी को छोड़कर जिले भर की परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। ऊपरी शिमला के शनिवार शाम तक करीब सौ रूट फेल हुए हो गए थे।
आठ बसें छराबड़ा, रोहडू, पट्टीडांक, तथा चौपाल में फंसी हैं। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-22 पर शनिवार को पूरा दिन जारी बर्फबारी के कारण कुफरी, फागू, ठियोग में गाड़ियों के स्किड होने और फंसने का सिलसिला जारी रहा।
शाम होते-होते चौपाल, रोहड़ू, जुब्बल, कोटखाई, रामपुर के बर्फबारी वाले क्षेत्रों सहित नारकंडा, कुमारसेन में परिवहन सेवाएं ठप हो गई हैं। शनिवार शाम चार बजे भेजी गई कोटखाई-क्यारी बस भी छराबड़ा के पास फंस गई।
परिवहन निगम की रामपुर और किन्नौर जिले के रूटों पर जाने वाली बसों को शनिवार सुबह से ही वाया मशोबरा-बसंतपुर होकर भेजा गया।
शाम को भी इस रूट की बसें वाया मशोबरा भेजी गईं। रोहडू के लिए भी शनिवार को दो बसों को वाया पांवटा भेजा गया। इस कारण सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।