हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में तीन मई के बाद एक-एक दिन छोड़कर पढ़ाई शुरू हो सकती हैं। छठी से बारहवीं कक्षा के लिए स्कूल शुरू करने का प्रस्ताव शिक्षा निदेशालय ने सरकार को सौंप दिया है। प्रस्ताव के तहत पहले दिन चार कक्षाओं और दूसरे दिन तीन कक्षाओं के विद्यार्थी स्कूल बुलाने का सुझाव दिया गया है। इन कक्षाओं में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एक कक्षा के बच्चों को दो कमरों में बिठाकर पढ़ाने की योजना है।
हालांकि प्रस्ताव में भी स्पष्ट किया गया है कि यह योजना तभी सिरे चढ़ सकेगी यदि तीन मई से प्रदेश में बस सुविधा शुरू होती है। उधर, पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं 15 मई के बाद हालात अनुसार शुरू करने का सुझाव दिया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में स्कूलों को खोलने के लिए अधिकारियों से एग्जिट प्लान बनाने को कहा था।