एचपीयू की डाॅ. सीमा को मिलेगी शोध की जिम्मेवारी, आठ लाख का होगा शोध प्रोजेक्ट
विज्ञापन
योजनाओं से लाभान्वित हुई महिलाओं से होगी बातचीत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के महिला अध्ययन एवं विकास केंद्र की शिक्षिका डॉ. सीमा ठाकुर को शिक्षा मंत्रालय की इंडिया काउंसिल ऑफ सोशल साइंस रिसर्च (आईसीएसएसआर) से आठ लाख का शोध प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ है। इसमें योजनाओं और स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रयासों से लाभान्वित हुई महिलाओं से मुलाकात कर उनकी स्थिति का आकलन शोध में शामिल किया जाएगा।
प्रदेश में महिलाओं के उत्थान में समाज सेवी संस्थाओं की भूमिका विषय पर भेजे प्रस्ताव को आईसीएसएसआर ने स्वीकृत किया है। डाॅ. सीमा ठाकुर एक साल में प्रदेशभर में महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के मिले लाभ और इन योजनाओं को लागू करने, जागरूक करने में स्वयं सेवी संस्थाओं की भूमिका पर अध्ययन करेंगी। इस प्रोजेक्ट में जीवन ज्योति रिसर्चर के रूप में सहयोग करेंगे। आईसीएसएसआर ने इस बार पुनश्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर स्पेशन सेल फॉर वुमन- लेड रिसर्च डवेल्पमेंट के तहत महिला शिक्षिकाओं को शोध अनुसंधान में प्रोत्साहित करने के लिए मांगे प्रोजेक्ट के तहत डाॅ. सीमा ने प्रोजेक्ट प्रपोजल भेजा था। इसे अब स्वीकृति मिल चुकी है।
डॉ. सीमा ने बताया कि वह प्रदेशभर में महिलाओं की कल्याणकारी योजनाओं और महिलाओं की स्थिति में आए सुधार के साथ इन योजनाओं को लागू करवाने, लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचाने में स्वयं सेवी संस्थाओं का अध्ययन करेंगी। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने डा. सीमा ठाकुर को शोध प्रोजेक्ट स्वीकृत होने पर बधाई दी है।