राजस्व, बागवानी मंत्री एवं औषधीय व औद्योगिक उपयोग के लिए भांग की खेती को वैधता प्रदान करने की समिति के अध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने कहा कि भांग का पौधा एक करिश्माई पौधा है, जिसका प्रत्येक भाग उपयोग में लाया जा सकता है। इससे हजारों उत्पाद तैयार होते हैं।जगत सिंह नेगी शुक्रवार को अंबेडकर भवन राजगढ़ में भांग की खेती को वैधता प्रदान करने के संबंध में प्राधिकृत समिति की ओर से आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इसमें कई पंचायतों के जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। नेगी ने कहा कि लोगों को भ्रम है कि भांग का इस्तेमाल केवल नशे के लिए होता है।
जबकि, भांग के नशे के अतिरिक्त भी करीब 15,000 पदार्थ बन सकते हैं। इसे केवल औषधियों व नशे के अतिरिक्त अन्य उपयोग के लिए ही वैध किया जाएगा। खेती के लिए वैज्ञानिक शोध के बाद जो बीज भांग का दिया जाएगा, उसमें नशा न के बराबर होगा। इसके उत्पादन के लिए बाकायदा लाइसेंस दिए जाएंगे। समिति में विशेष आमंत्रित आर खन्ना ने कहा कि उन्होंने चार वर्षों तक अदालत में इसकी पैरवी करने के बाद उच्च न्यायालय ने सहमति दी है। इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा, पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा, सचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी दयाल प्यारी, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी आनंद परमार आदि मौजूद रहे।