नगर निगम शुक्रवार से शुरू करेगा संपर्क सड़कों की टारिंग का काम, कई जगह किया जाएगा पैचवर्क
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहरवासियों को खस्ताहाल सड़कों से जल्द राहत मिलेगी। इसके लिए नगर निगम शुक्रवार से सड़कों की टारिंग का काम फिर से शुरू करने जा रहा है। शहर के मालरोड क्षेत्र में भी खस्ताहाल सड़क चकाचक की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार शहर के बालूगंज और कैथू क्षेत्र में सड़कों की टारिंग कर ली है। दिवाली के चलते बाकी वार्डाें में काम शुरू नहीं हो पाया था। अब दिवाली के बाद दूसरे वार्डाें में भी सड़कों की टारिंग करवाई जा रही है। इस हफ्ते समरहिल, संजौली, मल्याणा क्षेत्र में सड़कों की टारिंग शुरू करवाई जा रही है। मौसम और तापमान को देखते हुए अभी सिर्फ उन वार्डाें में ही संपर्क सड़कों की टारिंग और पैचवर्क किया जाएगा, जहां धूप रहती है। शहर के जाखू, बैनमोर, लक्कड़ बाजार समेत कई इलाके ऐसे हैं जहां इन दिनों धूप कम रहती है। तापमान कम होने के कारण नगर निगम इन इलाकों में सड़कों की टारिंग नहीं करना चाहता। कम तापमान पर टारिंग उखड़ने की शिकायतें ज्यादा आती हैं। इसीलिए उन वार्डाें में सड़कें पक्की की जा रही हैं जहां दिनभर धूप रहने से तापमान ज्यादा रहता है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर ने कहा कि संपर्क सड़कों पर पैचवर्क और टारिंग का काम शुरू करवाया जा रहा है।
विज्ञापन
इन वार्डाें में सड़कों की हालत खस्ता
शहर के पटयोग, न्यू शिमला, खलीनी, समरहिल, मल्याणा, सांगटी क्षेत्र में सड़कों की हालत बेहद खस्ता है। जाखू वार्ड में भी कई जगह सड़क टूट चुकी है। इनमें से कई वार्डाें में इस बार गर्मी के मौसम में भी सड़कों की टारिंग नहीं हो पाई थी। लोगों ने सड़कों पर पड़े जानलेवा गड्ढे भरने की मांग की है।
सड़कें बहाल करने का काम भी शुरू
शहर में भारी बारिश के कारण ढही सड़कों को बहाल करने का काम भी शुरू कर दिया है। नगर निगम के अनुसार सड़कों और रास्तों को बहाल करना प्राथमिकता रहेगा। कई जगह धंसी सड़कों को बहाल करने के लिए डंगे लगाए जा रहे हैं। सर्कुलर रोड पर लोक निर्माण विभाग ने भी हिमलैंड, बैम्लोई समेत अन्य क्षेत्र में डंगे लगाने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि अभी भी सड़कों पर जगह-जगह मलबा रखा है। इससे यातायात बाधित हो रहा है। लोगों का कहना है कि सड़कों पर रखा मलबा हटाया जाए ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके।