पवित्र मणिमहेश यात्रा की विधिवत शुरुआत के बाद प्रशासन अब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का पंजीकरण करेगा। अमर उजाला में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, नहीं हो रहा पंजीकरण शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने सोमवार से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इससे पवित्र मणिमहेश दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का सटीक आंकड़ा मिल पाएगा। प्रशासन ने सोमवार को कलसुई में चार बैरियर स्थापित कर दिए। इनमें 20 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
इन बैरियर पर यात्रियों का पूरा ब्योरा दर्ज किया जाएगा। हर दिन यात्रियों की संख्या दर्ज होगी। गौरतलब है कि पवित्र मणिमहेश यात्रा पर देश भर से लाखों की संख्या में शिव भक्त पवित्र डल में डुबकी लगाने पहुंचते हैं।
मणिमहेश यात्रा के आधिकारिक तौर पर आरंभ होने से पूर्व ही श्रद्धालुओं की टोलियां पवित्र मणिमहेश का रुख करने लगती हैं। जबकि, इस बार छोटा शाही स्नान 2 सितंबर से आरंभ होकर तीन सितंबर तक चला।
जिलाधीश चंबा हरिकेश मीणा ने बताया कि मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के पंजीकरण का कार्य सोमवार से आरंभ किया गया है। कलसुई में पंजीकरण के लिए चार बैरियर स्थापित कर बीस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।