जिला मुख्यालय ऊना स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर में 11 से 14 सितंबर के दौरान नेवी के लिए भर्ती होगी। जिन युवाओं ने पहले से ही भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन किया हुआ है तथा एडमिट कार्ड जारी हुए हैं, वे इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
सहायक आयुक्त एसके पराशर ने बताया कि नेवी भर्ती रैली के दौरान हर दिन एक हजार पात्र युवाओं को बुलाया जाएगा। पहले लिखित परीक्षा होगी। जो उम्मीदवार लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होंगे, उनका शारीरिक परीक्षण किया जाएगा।
शारीरिक परीक्षण में पास उम्मीदवारों का मेडिकल चेकअप होगा। मेडिकल में उत्तीर्ण होने वाले युवाओं का उसी दिन चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से ऊना में लगातार नेवी भर्ती रैली करवाई जा रही है।
बैठक में तहसीलदार ऊना विजय राय, उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघवीर सिंह, सहायक अभियंता सुरिंद्र कुमार, आरडी अग्निहोत्री, राजेंद्र कुमार, दर्शन सिंह, प्रवीण ठाकुर, बलजीत सिंह, धीरज शर्मा, सुमन लता, नंद लाल मौजूद रहे।