बंगाणा के हरिनगर में ल्हासा गिरने से ऊना-हमीरपुर सुपर हाईवे दो घंटे तक बंद रहा। चंडीगढ़-मनाली एनएच भी गंभर के पास भूस्खलन से बंद रहा। सुंदरनगर में बीएसएल जलाशय के पास पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हुई, जबकि बिजली के तार टूटने से शहर में छह घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।
धर्मपुर के रोपड़ी में गोशाला ढह गई। कमलाहू गांव में तीन मकानों में मलबा घुस गया। झंडूता क्षेत्र में दो पशुशालाएं गिर गईं। पीपलूघाट में सामुदायिक भवन भूस्खलन की चपेट में आ गया।
बिलासपुर के धनौला गांव में जगदीश चंद की गोशाला और बलघाड़ के नंदलाल की चक्केनुमा पशुशाला गिर गई। कांगड़ा के परागपुर में भी मकान क्षतिग्रस्त हुआ।
हमीरपुर के टौणीदेवी, बिझड़ी और बड़सर में तीन मकान, एक दुकान और एक गोशाला को नुकसान पहुंचा। सिरमौर और जिला कांगड़ा में भी बारिश का दौर जारी रहा।
गगल एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की दोनों उड़ानें रद्द हो गईं, जबकि स्पाइस जेट की तीनों उड़ानें तय समय पर आईं। भुंतर में कोई उड़ान नहीं हुई। शुक्रवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई।
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से गुजरने वाली बाल्द खड्ड में शुक्रवार को एक प्रवासी बालक की डूबने से मौत हो गई। बद्दी टोल बैरियर के निकट मिराज पुत्र कलाम (11) निवासी छपरा बिहार खड्ड में लोहा एकत्रित करते समय खड्ड के तेज बहाव में डूब गया।
वहीं नादौन से सटे कोहला गांव में औद्योगिक क्षेत्र के निकट मानखड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ जाने के कारण एक प्रवासी खड्ड में फंस गया। करीब सात घंटों तक खड्ड में फंसा रहा।
सनवारा में सुबह करीब सवा दस बजे पर हेरिटेज कालका-शिमला रेलमार्ग पर मलबा गिर गया। इससे करीब ढाई घंटे तक मार्ग बाधित रहा। अप मिक्स ट्रेन में 200 यात्री फंसे रहे। एक ट्रेन को कालका में रोका गया। जेसीबी मशीन और कर्मचारियों ने मार्ग बहाल कर 12:45 बजे ट्रेनों की आवाजाही बहाल की।
चार-पांच अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी
प्रदेश के कई क्षेत्रों में रविवार और सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आठ अगस्त तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई है।
मैहरे 126
पांवटा साहिब 88
अंब 77
बरठीं 73
झंडूता 42
नाहन 36
नादौन 29
शिमला 25
मंडी 22