राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि भेड़-बकरियों की मौत पर मुआवजा राशि बढ़ाने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। इस मामले को लेकर व्यक्तिगत तौर पर केंद्रीय मंत्रालय से बात करूंगा। विधायक जिया लाल के सवाल पर मंत्री ने कहा कि अधिकतम 30 भेड़ और बकरियों की मौत पर 3 हजार रुपये की दर से मुआवजा राशि दी जाती है। 30 भेड़-बकरियों की शर्त को हटाने की केंद्र सरकार से मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि भेड़-बकरियों को टक्कर मारने वाली गाड़ियों के चालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यूक्रेन में फंसे 410 छात्रों को सकुशल हिमाचल लाया गया है। वहां विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से सरकार संपर्क में है। केंद्र और राज्य सरकार उन लोगों की हरसंभव मदद कर रही है। मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि यूक्रेन में फंसे लोगों और विद्यार्थियों की जानकारी वह बजट सत्र के दौरान सदन में रोज साझा करेंगे। कहा कि अब 58 विद्यार्थियों को देश लाया जाना है। वहां फंसे विद्यार्थी खुद भी सरकार को बताते हैं कि उन्हें कैसे भारत और फिर हिमाचल लाया जा सकता है।
खलड़ी में सबको रहना होगा: मुकेश
वन मंत्री राकेश पठानिया ने बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए विधायक विक्रमादित्य पर जवाबी हमला बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने ईडी के छापों का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा परिवार जमानत पर चल रहा है। विक्रमादित्य ने कहा कि ईडी किसी के खिलाफ भी जांच कर लेती है। कहा कि आपके प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। इस पर मंत्री बोले- मैं नहीं, यह ईडी का प्रमाणपत्र है और आपको खलड़ी में रहना चाहिए। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सदस्य चाहे सत्ता पक्ष के हैं या फिर विपक्ष के खलड़ी में सबको ही रहना है। विपक्ष के सदस्य के खिलाफ इस तरह नहीं बोला जाए।