कांग्रेस ने उजाड़ दिया प्रदेश, कथनी और करनी समझें सीएम : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि मौजूदा करीब दो साल के कार्यकाल में सरकार ने हिमाचल को उजाड़ कर रख दिया है। सराज और हिमाचल वीरान पड़े हैं। पूर्व सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई योजनाओं में कोई प्रगति नहीं हो रही है। सरकार का दायित्व अधूरी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के पूरा करना होता है, मगर वर्तमान सरकार सराज की चीजों को एक-एक करके छीन रही है।
सराज दीप उत्सव में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जयराम ठाकुर ने कहा कि अपने आला नेताओं से लेकर छोटे नेताओं के भाषण और कांग्रेस का गारंटी पत्र पढ़कर मुख्यमंत्री यह जान गए होंगे कि उन्होंने एक भी गारंटी पूरी नहीं की है। अब उन्हें अपनी कथनी और करनी का अंतर समझ में आ जाना चाहिए। उन्हें यह भी समझ में आ जाना चाहिए कि झूठ बोलकर खुद को तसल्ली दी जा सकती है, पूरे प्रदेश को नहीं। अब लोग स्वयं जागरूक हैं और उन्हें पता है कि सरकार ने चौक चौराहों पर चिल्ला-चिल्लाकर क्या क्या घोषणाएं की थीं और आज क्या काम किए जा रहे हैं?
उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष पर सारा दोष मढ़कर अपना पल्ला नहीं झाड़ सकती है। लोकतंत्र में जवाबदेही सबसे बड़ी चीज है। जिन मुद्दों पर चुनकर आए हैं उससे मुंह नहीं मोड़ सकते हैं। उस पर झूठ बोलकर नहीं बच सकते हैं। धीरे-धीरे सबने सच को स्वीकार कर लिया। कांग्रेस की जहां-जहां सरकारें हैं, उन प्रदेशों के हालात आज बहुत बुरे हैं। उन्होंने कहा कि कई कांग्रेस शासित राज्यों ने तो स्पष्ट कह दिया कि उनसे यह नहीं हो पाएगा। लेकिन हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अभी भी हार नहीं मान रहे हैं और वह झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं कि हमने सब कर दिया। अब सवाल यह है कि सब कर दिया तो लोगों को मिला क्यों नहीं?